नई दिल्ली: भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के लिए अब भारतीय टी20 टीम के दरवाजे लगभग बंद हो चुके हैं। चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी करने वाले 36 साल के भुवनेश्वर कुमार के लिए न्यूजीलैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मैचों में भुवी को सिर्फ 1 विकेट मिला और उनका इकॉनमी रेट 11.50 का रहा। वहीं पूरी सीरीज में उनका गेंदबाजी औसत 180 का रहा। जो कि किसी भी गेंदबाज द्वारा सबसे खराब है।
अश्विन ने क्या कहा?
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा, ‘भुवनेश्वर कुमार ने उतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं की और वे अपनी लय साबित करने में नाकाम रहे। उनके आईपीएल फॉर्म और यहां की गेंदबाजी में जमीन-आसमान का फर्क था। मुझे लगता है कि उनका चैप्टर अब शायद बंद हो चुका है। अब उनके लिए वापसी करना बहुत मुश्किल होगा।’ हालांकि अश्विन ने भुवनेश्वर कुमार की वापसी से पहले उनका जमकर सपोर्ट किया था, लेकिन उनका खराब प्रदर्शन देखने के बाद अब अश्विन भी पीछे हो गए हैं।
आईपीएल जैसी स्पीड गायब थी
IPL 2026 में 16 मैचों में 28 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार ने उसी के दम पर राष्ट्रीय टीम में वापसी की थी। हालांकि, अश्विन ने उनके प्रदर्शन से ज्यादा उनकी फिटनेस और लय पर सवाल उठाए। अश्विन ने कहा, ‘रन देने या खराब प्रदर्शन की बात अलग है। सबसे ज्यादा निराशाजनक बात यह थी कि जिस तीव्रता, रन-अप स्पीड और बॉलिंग स्पीड के साथ वे आईपीएल में गेंदबाजी करते हैं, वह यहां नहीं दिखी। इससे लगता है कि वे पूरी तरह से मैच-फिट होकर नहीं आए थे। चयनकर्ता भी यही सोचेंगे कि अगर आप एक अनुभवी खिलाड़ी के तौर पर वापसी कर रहे हैं, तो आपको तुरंत प्रभाव छोड़ना होगा।
मोहम्मद शमी के लिए उठाई आवाज
अश्विन ने आगे कहा कि पिछले डेढ़ साल से भारतीय टीम से बाहर चल रहे वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब भुवनेश्वर कुमार से बेहतर विकल्प नजर आ रहे हैं। शमी इस समय रणजी ट्रॉफी में बंगाल की ओर से खेल रहे हैं और अच्छी लय में दिख रहे हैं। अश्विन ने कहा कि ‘मुझे लगता है कि शमी जिस तरह से रणजी ट्रॉफी में आकर गेंदबाजी कर रहे हैं, वे भुवनेश्वर कुमार की तुलना में कहीं बेहतर लय में नजर आ रहे हैं।’ अब देखने वाली होगी कि न्यूजीलैंड दौरे के बाद भारतीय टीम की अगली टी20 सीरीज दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर होनी है, जहां टीम के चयन पर सभी की निगाहें रहेंगी।

