मुंबई: IPL 2027 के नए सीजन की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। आईपीएल रिटेंशन की तारीख 17 नवंबर तय की गई है। सभी फ्रेंचाइजियों को इस तारीख तक अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की अंतिम सूची जमा करनी होगी। इसके बाद आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। रिटेंशन की समयसीमा नजदीक आते ही टीमों के बीच ट्रेड और खिलाड़ियों को लेकर अटकलें काफी तेज हो गई हैं।
सूर्यकुमार यादव पर एलएसजी की नजर, पोस्ट शेयर कर दिया जवाब
लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा टी20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को अपनी टीम में शामिल करने की इच्छा जताने की खबरें सामने आई हैं। इन अटकलों के बीच सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास स्टोरी शेयर की। इस वीडियो में वे ट्रेनिंग करते दिख रहे हैं और मुंबई इंडियंस का लोगो कई बार नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर फैंस का मानना है कि इस पोस्ट के जरिए सूर्या ने साफ इशारा कर दिया है कि वे मुंबई इंडियंस छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं।
हार्दिक पंड्या के बदले अर्शदीप सिंह, मुंबई और पंजाब में बातचीत तेज
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को लेकर हाई लेवल की बातचीत चल रही है। 2024 में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस के कप्तान बनने के बाद से हार्दिक के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं रही हैं। पिछले तीन सीजन में मुंबई की टीम दो बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है।
इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ भी हार्दिक के नाम की चर्चा थी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनके पंजाब किंग्स में जाने की संभावना अधिक है। वहीं, आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा के फिर से मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने की उम्मीद जताई जा रही है। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह को छोड़ना आसान फैसला नहीं होगा, क्योंकि वे लंबे समय से फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं और टी-20 फॉर्मेट में भारत के मुख्य तेज गेंदबाज बन चुके हैं। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार दोनों पक्ष इस ट्रेड को पूरा करने के लिए उत्सुक हैं, लेकिन अभी तक अंतिम मुहर लगना बाकी है।


