नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की गर्लफ्रेंड और मॉडल-अभिनेत्री समरीन कौर ने सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते को लेकर निशाना बनाने वालों को करारा जवाब दिया है। हाल ही में सोशल मीडिया यूजर्स ने समरीन पर फेम और पैसे के लिए अर्शदीप सिंह को डेट करने का आरोप लगाया था, जिस पर समरीन ने एक लंबी-चौड़ी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर अपनी चुप्पी तोड़ी। समरीन ने सोशल मीडिया के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोग हर हाल में महिलाओं को ही जज करते हैं।
समरीन ने क्या लिखा?
समरीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘मैं जितना इस दुनिया को देखती हूं, उतना ही अहसास होता है कि सोशल मीडिया पर लोग कितने पाखंडी हैं। अगर आप अपने पार्टनर को छुपा कर रखें, तो कहा जाता है कि आपको उस पर गर्व नहीं है। अगर आप खुलकर प्यार जताएं, तो कहा जाता है कि यह फेम के लिए है। अगर आपके अपने स्टैंडर्ड्स हैं, तो आप स्वार्थी हैं और अगर आप किसी से सच्चा प्यार करते हैं, तो कहा जाता है कि आप उसे छोड़ देंगे।’
अपनी कमाई और आत्मनिर्भरता पर बात करते हुए समरीन ने आगे कहा, ‘मैं 17 साल की उम्र से काम कर रही हूं और अपना ख्याल खुद रख रही हूं। मैंने 20 से ज्यादा देशों की यात्रा की है और अपनी जिंदगी खुद बनाई है। भगवान की कृपा से मैं बचपन से अपनी लाइफस्टाइल का खर्च खुद उठा सकती हूं। मुझे किसी को अपनी निजी जिंदगी की सफाई देने की जरूरत नहीं है। अर्शदीप मुझे पूरा करते हैं और मैं ऐसे इंसान को पाकर खुद को खुशकिस्मत मानती हूं। जिन्हें मेरी पोस्ट्स से दिक्कत है, वे मेरा पेज छोड़ सकते हैं।’
अर्शदीप सिंह ने समरीन का दिया साथ, बोले – जियो और जीने दो
समरीन के इस पोस्ट के बाद खुद अर्शदीप सिंह भी उनके सपोर्ट में उतर आए। समरीन की पोस्ट को री-शेयर करते हुए अर्शदीप ने ट्रोलर्स को दूसरों की जिंदगी में टांग न अड़ाने की सलाह दी। अर्शदीप ने लिखा, ‘मुझे तुम पर गर्व है बेबी। तुम बहुत मजबूत हो। जो लोग हमारे रिश्ते को लेकर फालतू में परेशान हो रहे हैं, वे थोड़ा ब्रेक लें। जियो और जीने दो। इंटरनेट और दुनिया को एक अच्छी जगह बनाएं। प्यार बांटिए और दूसरों को भी खुश रहने दीजिए। मुझे समरीन जैसी साफ दिल और प्यार करने वाली पार्टनर मिली है, इसके लिए मैं भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं।’ आपको बता दें कि समरीन कौर और अर्शदीप सिंह ने इसी साल जुलाई 2026 में सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करके अपने रिश्ते को कबूल किया था।


