अमरोहा: क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां के उनके खिलाफ चुनाव लड़ने के ऐलान पर आखिरकार शमी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उत्तराखंड के रुड़की में खानपुर विधायक उमेश कुमार के साथ मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिसे जहां से चुनाव लड़ना है, वह लड़े। उन्हें इससे कोई ऐतराज नहीं है। हालांकि, शमी ने खुद या परिवार के किसी अन्य सदस्य के चुनाव लड़ने को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। इस बीच उनके भाई हसीब अहमद की राष्ट्रीय लोक दल (RLD) अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद अमरोहा विधानसभा सीट को लेकर अटकलें फिर तेज हो गई हैं।
हसीन जहां के ऐलान पर बोले शमी- ये खुला मैदान है
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मोहम्मद शमी हसीन जहां के चुनाव लड़ने के ऐलान से जुड़े सवाल पर जवाब देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘जिसको जहां से इलेक्शन लड़ना है, लड़े। हमें कोई ऐतराज नहीं, ये खुला मैदान है।’
हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपनी सियासी पारी शुरू करने या परिवार के किसी दूसरे सदस्य के चुनाव लड़ने को लेकर कोई संकेत नहीं दिया। शमी के इस बयान के बाद उनके चुनावी राजनीति में उतरने को लेकर चल रही चर्चाएं फिलहाल जारी हैं।
जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद शुरू हुई थीं अटकलें
दरअसल, सितंबर में मोहम्मद शमी ने दिल्ली में राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह से मुलाकात की थी। जयंत चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थीं। इसके बाद शमी के आगामी विधानसभा चुनाव में अमरोहा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें लगने लगी थीं।
हालांकि, RLD प्रवक्ता रोहित अग्रवाल के मुताबिक, इस मुलाकात का कोई राजनीतिक मतलब नहीं था। जयंत चौधरी ने अपनी सांसद निधि से अमरोहा में खेल सुविधाओं के विकास के लिए 1.5 करोड़ रुपये दिए थे। शमी इसी के लिए उनका आभार जताने पहुंचे थे।
मुलाकात के बाद शमी के बड़े भाई हसीब अहमद ने भी इसे पारिवारिक बताया था। उन्होंने फिलहाल शमी या परिवार के किसी अन्य सदस्य के चुनाव लड़ने की संभावना से इनकार किया था। वहीं, शमी ने इस पूरे मामले पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
शमी के भाई हसीब ने भी जयंत चौधरी से की मुलाकात
मोहम्मद शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य के अमरोहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं गुरुवार को एक बार फिर तेज हो गईं। शमी के बाद उनके भाई हसीब अहमद ने भी दिल्ली में RLD प्रमुख चौधरी जयंत सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं।
हसीब अहमद ने इस मुलाकात को पारिवारिक बताया। हालांकि, इस बार उनके बयान में चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर स्पष्ट इनकार नहीं किया गया। इसके बाद शमी या उनके किसी परिजन के चुनावी मैदान में उतरने के कयास फिर लगाए जाने लगे।
हसीन जहां बोलीं- हिम्मत है तो अमरोहा से मेरे सामने चुनाव लड़ें
मोहम्मद शमी के चुनाव लड़ने की अटकलों और परिवार की ओर से जयंत चौधरी से मुलाकात के बीच हसीन जहां ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शमी या उनके किसी भी परिजन की उनके सामने चुनाव लड़ने की हैसियत नहीं है।
हसीन जहां ने कहा, ‘मेरे ऐलान के बाद ही चुनाव लड़ने और विधायक बनने की अपनी हसरत को वह खुलकर जाहिर नहीं कर पा रहे हैं। हिम्मत है तो अमरोहा से ही मेरे सामने चुनाव लड़कर दिखाएं। यहां के लोग उनकी असलियत अच्छे से जानते हैं। चंद दिन की झूठी दौलत और शोहरत से चुनाव नहीं जीता जा सकता। हर हाल में उनके खिलाफ लड़ूंगी और उनकी जमानत भी जब्त होगी।’

