क्राइस्टचर्च: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मैच भारत ने 4 विकेट से जीत लिया और 5 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इस मैच में भारतीय पारी के 17वें ओवर तक न्यूजीलैंड की टीम मैच जीतती हुई नजर आ रही थी, लेकिन आखिरी के 3 ओवरों में तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने मैच पलट दिया। इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 69 रन की नाबाद साझेदारी की और भारत को रोमांचतक जीत दिला दी।
17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट पर 135 रन था। तिलक और नीतीश क्रीज पर थे। भारत को जीत के लिए 18 गेंद में 46 रन चाहिए। न्यूजीलैंड के सभी प्रमुख तेज गेंदबाजों के ओवर बचे हुए थे। ऐसे में भारत की जीत असंभव लग रही थी। हालांकि, तिलक के मन में कुछ और ही था और उन्होंने इसके बाद मैच पलट दिया।
जैकब डफी के ओवर में 17 रन कूटे
भारतीय पारी का 18वां ओवर करने के लिए सैंटनर ने जैकब डफी को बुलाया। उन्होंने 2 ओवर में 13 रन दिए थे और पिछले मैच के हीरो सैमसन को आउट किया था। हालांकि, नीतीश रेड्डी ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर मोमेंटम बदल दिया। इसके बाद तिलक को स्ट्राइक मिली और उन्होंने 2 चौके लगा दिए। इस ओवर में कुल 17 रन आए और कीवी टीम दबाव में आ गई। अगला ओवर नेथन स्मिथ ने किया। वह भी 2 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट ले चुके थे। तिलक ने उनके ओवर में 3 चौके और एक छक्का लगा दिया। इस ओवर में टीम इंडिया को 18 रन मिल गए और मैच भारत के तरफ झुक गया।
आखिरी ओवर में आसानी से बनाए 11 रन
आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। न्यूजीलैंड के पास कई विकल्प मौजूद थे, लेकिन भारतीय बल्लेबाज सभी को पीट रहे थे। यह ओवर भी जैकब डफी ने किया। तिलक ने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने पांचवीं गेंद पर 2 रन लेकर टीम को जीत दिला दी। भारत ने रोमांचक मैच जीत लिया और सीरीज में 2-0 से आगे हो गया।
सैंटनर की मेहनत पर फेरा पानी
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 4 विकेट लिए। पावरप्ले खत्म होने के बाद उन्होंने जरा भी रन नहीं दिए और सभी अहम बल्लेबाजों को आउट करते गए। पहले अभिषेक शर्मा का विकेट लिया। इसके बाद एक ही ओवर में श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल को आउट कर भारत को मुश्किल में डाल दिया। अंत में नमन धीर ने उनके खिलाफ कुछ रन जरूर बनाए, लेकिन सैंटनर ने नमन को भी आउट कर न्यूजीलैंड की जीत लगभग पक्की कर दी थी। हालांकि, उनका स्पेल खत्म होते ही भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए और मैच जीत लिया।


