नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा है कि उन्होंने अपने पंजाबी टीममेंट्स से गालियां देना सीखा है। ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ के नए प्रोमो में रोहित शर्मा और मीका सिंह इस बारे में बात करते दिख रहे हैं। इंस्टाग्राम पर सोनी टीवी के ऑफिशियल अकाउंट से यह प्रोमो रील शेयर की गई है। इस रील में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और हिटमैन रोहित शर्मा ने पंजाबी सिंगर मीका सिंह को एक बेहद मजेदार और दिलचस्प किस्सा सुनाया है। वीडियो में रोहित शर्मा खुलकर बताते हैं कि उन्होंने गाली देना पंजाबियों से सीखा है। यह बात सुनते ही सेट पर मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंस पड़ते हैं।
रोहित शर्मा क्रिकेट मैदान पर अपनी स्टंप माइक वाली गालियों के लिए फेमस हैं। कई मौकों पर उन्हें टीममेट्स को मजेदार अंदाज में डांटते और गाली देते हुए रिकॉर्ड किया जा चुका है। रोहित के गाली देने की क्लिप्स सोशल मीडिया पर अभी भी वायरल होती रहती हैं, क्योंकि ये गालियां गुस्से से ज्यादा प्यार और टीम स्पिरिट से भरी होती हैं। अब अपने शो में रोहित ने खुद इस आदत की जड़ बताई है। पंजाबी सिंगर मीका सिंह के सामने रोहित ने बताया कि उन्होंने गालियां पंजाबियों से ही सीखी हैं।
मीका सिंह और शहनाज गिल भी शो में पहुंचीं
शो के इस एपिसोड में मीका सिंह के अलावा बिग बॉस फेम शहनाज गिल और कॉमेडी जोड़ी चिंकी-मिंकी भी गेस्ट के रूप में शामिल हुए हैं। पंजाबी माहौल में रोहित शर्मा का यह किस्सा सुनकर पूरा स्टूडियो हंसी-मजाक से भर जाता है। शहनाज गिल पहले ही अपने आइकॉनिक डायलॉग ‘साडा कुत्ता कुत्ता, त्वाडा कुत्ता टॉमी’ रोहित से बुलवाती हैं, जिससे शो का माहौल और भी मजाकिया हो गया था। अब रोहित का यह नया खुलासा शो को और मजेदार बना रहा है।
कोई दिल पर नहीं लेता रोहित की गालियां
रोहित शर्मा बेहतरीन बल्लेबाज और सफल कप्तान रहे हैं। वह मैदान के बाहर अपने ह्यूमर के लिए जाने जाते हैं। मैदान पर जब वे खिलाड़ियों को गार्डन में घूमने की मनाही करते हैं, तो वह सिर्फ टीम को ऊर्जावान रखने के लिए होता है। शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी भी पहले कह चुके हैं कि रोहित भाई की गालियां दिल पर नहीं ली जातीं, क्योंकि वे टीम के हित में होती हैं। अब शो में मीका सिंह को यह बताते हुए कि पंजाबियों से गाली सीखी है, रोहित ने अपनी पर्सनालिटी का एक और मजेदार पहलू सामने रखा।
रोहित से गाली सीखना चाहते हैं फैंस
फैंस सोशल मीडिया पर इस क्लिप को शेयर कर रहे हैं और कमेंट्स में लिख रहे हैं कि रोहित भाई की बातें सुनकर खुद हंसी आ जाती है। कई यूजर्स ने मजाक में कहा है कि अब वे भी रोहित से गाली सीखना चाहते हैं। शो का यह प्रोमो न सिर्फ हंसी का जरिया बन रहा है बल्कि रोहित शर्मा की होस्टिंग स्किल्स को भी सराहा जा रहा है। वे क्रिकेट की दुनिया से बाहर आकर परिवारिक गेम्स और सेलिब्रिटी बातचीत को बड़े सहज अंदाज में होस्ट कर रहे हैं।


