मुकाबला: भारत बनाम वेस्टइंडीज, तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय
दिनांक: रविवार, 11 अक्टूबर 2026
समय: शाम 7 बजे भारतीय समयानुसार
स्थान: होलकर स्टेडियम, इंदौर
सीरीज की स्थिति: 1-1 से बराबर
प्रशांत रायचौधरी
इंदौर के होलकर स्टेडियम में रविवार, 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस मैच को लेकर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA), स्टेडियम प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। करीब 27 हजार दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। दोनों टीमें शनिवार को इंदौर पहुंचने वाली हैं। मुकाबले का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि दूसरे टी-20 में वेस्टइंडीज ने शानदार जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी है। ऐसे में इंदौर का मैच दोनों टीमों के लिए सीरीज में बढ़त बनाने का अवसर होगा।


