नई दिल्ली: भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा ने जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रही भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई है कि सभी एथलीट्स टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करेंगे। भारत ने देश का नाम रोशन करने के मकसद से आइची-नागोया खेलों के लिए 499 खिलाड़ियों का दल भेजा है। भारत ने एशियन गेम्स 2023 में रिकॉर्ड 107 मेडल जीते थे। हांग्झू खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 655 खिलाड़ियों के मुकाबले इस बार दल छोटा होने के बावजूद 2026 में भी उसी शानदार लय को बनाए रखने का लक्ष्य है।
लिगामेंट फटने के चलते हुए बाहर
नीरज एशियन गेम्स में हिस्सा लेने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन टखने में लिगामेंट फटने से उनका सीजन निराशाजनक रूप से खत्म हो गया। इस समस्या के कारण वह डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बावजूद उसमें हिस्सा नहीं ले पाए। नीरज ने पिछले महीने अपनी इंजरी को लेकर जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा था, ‘काफी मेहनत के बाद, मुझे आखिरकार वह लय मिल रही थी, जिसकी मुझे तलाश थी। मैंने लॉजेन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था। दुर्भाग्य से, उसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने का लिगामेंट फट गया। डॉक्टर और टीम से बातचीत के बाद, हमने तय किया है कि मैं इस सीजन के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लूंगा।’
नीरज चोपड़ा ने दी शुभकामनाएं
एशियन गेम्स में दो बार गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज टखने में लिगामेंट फटने की वजह से एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम को इस बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। नीरज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि वे सभी हमें गौरवान्वित करेंगे।’


