15 अगस्त के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय मेंस हॉकी टीम ने विश्व कप 2026 अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। वेल्स के खिलाफ खेले गए अपने पहले ही मुकाबले में भारत ने 3-1 से एकतरफा जीत दर्ज कर पूरे देश को स्वतंत्रता दिवस की सौगात दी। पहले क्वार्टर में ही टीम इंडिया ने आक्रामक रुख अपनाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बना लिया। मैच के 15 मिनट के भीतर मिले पेनल्टी कॉर्नर को संजय और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल में बदलकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में संभलकर खेला भारत, कायम रखी 2-0 की बढ़त
दूसरे क्वार्टर में खेल थोड़ा धीमा रहा और दोनों टीमों के बीच काफी सतर्कता देखी गई। भारत ने अपनी बढ़त को बनाए रखा और मैदान पर पूरी तरह नियंत्रण जमाए रखा। हालांकि, इस क्वार्टर में भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे वे गोल में बदलने में नाकाम रहे। वहीं, वेल्स ने भारतीय हाफ में एक-दो खतरनाक प्रयास किए, जिनमें से एक शॉट साइड नेट पर लगा। हाफ-टाइम की सीटी बजने तक टीम इंडिया 2-0 से आगे चल रही थी।
कप्तान हरमनप्रीत का दूसरा गोल, 43वें मिनट में स्कोर हुआ 3-0
हाफ-टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में वेल्स ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उनके हर हमले को नाकाम कर दिया। 43वें मिनट में भारत को एक बेहतरीन मौका मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कोई गलती न करते हुए मुकाबले में अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दाग दिया। 3-0 की इस मजबूत बढ़त ने वेल्स की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह से पानी फेर दिया।
विवादित रिव्यू के बीच वेल्स ने दागा सिर्फ एर गोल
चौथे और आखिरी क्वार्टर के 55वें मिनट में मैच का एकमात्र विवादित दृश्य देखने को मिला, जब भारतीय गोलपोस्ट के पास मची हलचल के दौरान फील्ड अंपायर की सीटी गिर गई। अंपायर सीटी उठाने में व्यस्त थे और खेल जारी रहा, जिसके बाद थर्ड अंपायर रिव्यू में वेल्स के सैम वेल्श के गोल को मान्य करार दिया गया। इसके बावजूद भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी और 3-1 से शानदार जीत हासिल कर टूर्नामेंट में अपने अभियान का विजयगाथा के साथ आगाज किया।


