नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली को पत्र के जरिए हत्या की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस गंभीर घटना पर आखिरकार सौरव गांगुली की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। शुक्रवार को गांगुली ने इस धमकी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि ऐसा मामला पहले भी सामने आ चुका है और समय के साथ सब ठीक हो गया था इस बार भी स्थिति सामान्य हो जाएगी।
गांगुली ने कहा पुलिस कर रही जांच
सौरव गांगुली ने सुरक्षा चिंताओं पर बात करते हुए बताया कि मामला सामने आते ही पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें जो धमकी भरा संदेश मिला है वह किसी स्थानीय फोन नंबर से संबंधित है और इसकी जानकारी जांच एजेंसियों को दे दी गई है। गांगुली ने भरोसा जताया कि पुलिस इस मामले में सख्त कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध है इसलिए घबराने की कोई बात नहीं है।
गांगुली और पत्नी को मिली थी धमकी
जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, सीएबी के आधिकारिक पते पर दो लिफाफे भेजे गए थे। जब इन लिफाफों को खोला गया तो उनमें अंग्रेजी में लिखे धमकी भरे खत मिले जिनमें सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना गांगुली और उनके कर्मचारियों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की बात लिखी गई थी। पत्र में बेहद आपत्तिजनक और आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया था जिसके बाद गांगुली परिवार और क्रिकेट संघ हरकत में आया।
6 महीने से लगातार मिल रहे खत
मिली जानकारी के मुताबिक, गांगुली परिवार को पिछले लगभग 6 महीनों से इस तरह के संदिग्ध खत मिल रहे थे। शुरुआती दौर में परिवार ने इसे किसी सनकी फैंस की हरकत या निजी रंजिश मानकर नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन जब बार-बार और हाल ही में फिर से दो आक्रामक खत कूरियर के जरिए पहुंचे तो मामले की गंभीरता को देखते हुए आखिरकार पुलिस प्रशासन की मदद लेने का फैसला किया गया।


