नई दिल्ली: IPL 2026 का सीजन खत्म होने के साथ ही आगामी आईपीएल 2027 को लेकर फ्रेंचाइजियों के बीच अंदरूनी खींचतान और खिलाड़ियों के ट्रेड की खबरें सोशल मीडिया पर गर्माने लगी हैं। इसमें सबसे बड़ा नाम मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या का सामने आ रहा है। 5 बार की चैंपियन टीम को 5 ट्रॉफी जिताने वाले दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा की जगह 2024 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने वाले हार्दिक के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। अब चर्चा है कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ सकते हैं और टीम की कमान भी संभाल सकते हैं।
अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद KKR को नए कप्तान की तलाश
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पिछले दो सीजन में अनुभवी भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे कप्तानी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। हालांकि, हाल ही में रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसके बाद से ही केकेआर फ्रेंचाइजी एक मजबूत और अनुभवी भारतीय कप्तान की तलाश में जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर चल रही खबरों और कयासों की मानें तो केकेआर प्रबंधन हार्दिक पांड्या को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल कर कप्तानी सौंपने की योजना बना रहा है।
चेन्नई नहीं, अब कोलकाता से जुड़ने की अफवाहें तेज
2026 का सीजन खत्म होने के बाद शुरुआती दौर में कयास लगाए जा रहे थे कि हार्दिक चेन्नई सुपर किंग्स का रुख कर सकते हैं। लेकिन अब कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ उनके ट्रेड की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। गौरतलब है कि 2022 और 2023 में गुजरात टाइटंस (GT) की कप्तानी करने वाले हार्दिक 2024 में ऑल-कैश ट्रेड डील के जरिए ही अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में वापस आए थे। हालांकि, हार्दिक के केकेआर में शामिल होने या मुंबई इंडियंस छोड़ने को लेकर अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


