ग्लास्गो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का शानदार आगाज 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लास्गो शहर में हो चुका है। साल 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने 22 स्वर्ण समेत कुल 61 पदक जीतकर तालिका में चौथा स्थान हासिल किया था। हालांकि, इस बार हॉकी, टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसे प्रमुख खेलों को हटाए जाने के कारण भारत के पदक दावों को झटका जरूर लगा है, लेकिन इसके बावजूद एथलेटिक्स में भारत की उम्मीदें काफी मजबूत हैं।
भारत के गोल्डन बॉय और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा एक बार फिर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने के मुख्य दावेदार होंगे।
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम का महा-मुकाबला
जैवलिन थ्रो इवेंट में नीरज चोपड़ा का मुख्य मुकाबला पाकिस्तान के उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी अरशद नदीम से होने वाला है। पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद यह पहला मौका होगा जब ये दोनों दिग्गज आमने-सामने होंगे। पेरिस में नदीम ने नीरज को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था।
नीरज चोपड़ा के लिए ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स अपनी पुरानी टीस को मिटाने का भी एक सुनहरा मौका हैं। ग्रोइन इंजरी के कारण नीरज 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए थे। अब 2018 के गोल्ड कोस्ट खेलों में जीते अपने गोल्ड मेडल के इतिहास को दोहराते हुए वे एक बार फिर पोडियम के शीर्ष पर कब्जा जमाना चाहेंगे।
ग्लास्गो गेम्स में नीरज चोपड़ा और एथलेटिक्स का शेड्यूल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स की इवेंट 27 जुलाई से शुरू होंगी और 2 अगस्त तक चलेंगी। भारत की ओर से एथलेटिक्स में कुल 32 एथलीट (11 पैरा-एथलीट समेत) हिस्सा ले रहे हैं।


