नई दिल्ली: कुलदीप यादव को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ तीनों ही मैचों में बेंच पर रहे। अभी भारतीय टीम टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे गई है। उस टीम में कुलदीप को शामिल नहीं किया गया है। इस बीच कुलदीप यादव इंग्लैंड में खेलते नजर आएंगे। वह यॉर्कशायर काउंटी टीम का हिस्सा बन गए हैं।
कुलदीप यादव वनडे कप में खेलेंगे
31 साल के बाएं हाथ के स्पिनर वन डे कप के पांच मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। ग्लैमॉर्गन के खिलाफ टीम को अगला मुकाबला खेलना है। उस मुकाबले के लिए कुलदीप यादव उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद वह सितंबर में एक बार फिर टीम का हिस्सा बनेंगे। तब वह काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी चार में से तीन मैचों के लिए यॉर्कशायर टीम के साथ रहेंगे।
कुलदीप का इंटरनेशनल करियर दमदार
कुलदीप यादव इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे सफल चाइनामैन गेंदबाजों में शामिल हैं। 18 मैचों के टेस्ट करियर में उनके नाम 79 विकेट हैं। 121 वनडे में कुलदीप ने 194 जबकि 54 टी20 इंटरनेसनल मैचों में 95 विकेट लिए हैं। वनडे में कुलदीप का 25 रन देकर 6 विकेट का बेस्ट प्रदर्शन इंग्लैंड में ही आया है। लिस्ट ए क्रिकेट में कुलदीप के नाम 136 मैचों में 220 विकेट हैं।
वनडे कप 2026 में यॉर्करशायर ने अभी तक एक मैच खेला है और टीम को उसमें हैम्पशायर के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। टीम की कप्तानी डॉमिनिक बीस कर रहे हैं। टीम को अपना दूसरा मैच 24 जुलाई को ग्लेमोर्गन के खिलाफ खेलना है।


