नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के दोनों बेटे क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचाने को तैयार हैं। कुछ दिन पहले समित द्रविड़ ने KSCA लीग में अपनी दमदार बल्लेबाजी दिखाई थी। वहीं अब अन्वय द्रविड़ ने भारतीय अंडर-19 टीम की ओर के खेलते हुए श्रीलंका के खिलाफ 87 रन की पारी खेली। वह अपनी टीम में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। उनकी पारी के दम पर टीम इंडिया ने 285 रन का आंकड़ा हासिल किया। जिसके अन्वय की खूब चर्चा की जा रही है।
खराब हुई टीम इंडिया की शुरुआत
भारतीय अंडर-19 टीम श्रीलंका दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज खेली जा रही है। आज यानि 6 जुलाई को दूसरा वनडे हंबनटोटा में खेला गया। भारत के कप्तान यशबर्धन चौहान ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सिर्फ 11 रन के स्कोर पर भारत ने 2 बल्लेबाजों को गंवा दिया था। इसके बाद वीके विनीत और कुशाग्र ओझा के बीच 67 रन की साझेदारी हुई। जिसने भारत को खेल में बने रहने का मौका दिया।
अन्वय द्रविड़ ने बनाए 87 रन
लगातार विकेटों के पतन के बीच लग रहा था कि भारत 200 का स्कोर पार कर लेगा तो गनीमत होगी। लेकिन अन्वय द्रविड़ के इरादे कुछ अलग थे। उन्होंने नंबर-5 पर उतरकर 67 गेंदों में 87 रन की पारी खेली। जिसमें 9 चौके और 1 सिक्स शामिल रहा। अन्वय की बल्लेबाजी ने भारत को रफ्तार दी, जिसकी वजह से 285 रन का आंकड़ा हासिल करना संभव हो पाया।
दोनों भाईयों का कमाल
अन्वय द्रविड़ के बड़े भाई समित द्रविड़ भी क्रिकेट के मैदान पर कमाल कर रहे हैं। कुछ दिन पहले महाराजा ट्रॉफी KSCS टी20 लीग में कल्यानी बेंग्लुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी दिखाई। हुबली टाइगर्स के खिलाफ उन्होंने 6 चौकों की मदद से 23 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। फिर बेंग्लुरु ब्लास्टर के खिलाफ 40 रन बनाने के साथ ही 2 बल्लेबाजों को आउट भी किया। दोनों भाईयों की बल्लेबाजी को देखते हुए लगता है कि वे अपने पिता की विरासत को आगे लेकर जाने के लिए तैयार हैं।


