नई दिल्ली: भारत और आयरलैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई दो मैचों की टी20 सीरीज भले ही भारतीय फैंस के लिए किसी बुरे सपने जैसी रही हो, लेकिन इस सीरीज ने विश्व क्रिकेट को एक नया सितारा दे दिया है। आयरलैंड के लिए खेलने वाले भारतीय मूल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा रातों-रात इंटरनेट और क्रिकेट जगत के नए हीरो बन गए हैं। भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 32 रन देकर 3 विकेट चटकाने वाले जय ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर जैसे दिग्गज बल्लेबाज उनके सामने पानी मांगते नजर आए। दो मैचों में कुल 5 विकेट लेकर जय मूंदड़ा ने वर्ल्ड चैंपियन भारत के खिलाफ आयरलैंड की ऐतिहासिक 2-0 की क्लीन स्वीप जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
तैयारी की थी वैभव के लिए, निपटा दिया सीनियर बैटिंग ऑर्डर
दिलचस्प बात यह है कि जय मूंदड़ा ने इस सीरीज से एक हफ्ते पहले तक केवल भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को रोकने का मास्टरप्लान तैयार किया था। हालांकि, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने वर्ल्ड कप जीतने वाले अपने सीनियर कॉम्बिनेशन के साथ जाने का फैसला किया और वैभव को मौका नहीं मिला। जय मूंदड़ा के बचपन के कोच और राजस्थान के पूर्व क्रिकेटर मोहन सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया, ‘उसका मुख्य प्लान वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ था। वैभव भले ही नहीं खेले, लेकिन जय की तैयारी इतनी पुख्ता थी कि उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई। उन्होंने संजू सैमसन को दो बार आउट किया, साथ ही अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे के विकेट चटकाए।’
जयपुर की एकेडमी से शुरू हुआ सफर
राजस्थान के टोंक में जन्मे जय मूंदड़ा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। कोच मोहन सिंह को आज भी साल 2018 की वह शाम याद है जब इंजीनियरिंग के छात्र जय जयपुर के सीमा स्पोर्ट्स क्लब में आए और कहा था, ‘सर, मेरी बॉल अंदर नहीं आती, वो ठीक कर दो।’ अगले तीन साल तक मोहन सिंह ने जय के बायोमैकेनिक्स पर काम किया। साल 2019-20 के घरेलू सीजन में उन्हें बंगाल रणजी टीम के लिए नेट बॉलर बनने का मौका मिला। वहां उनके इन-स्विंगर ने बंगाल के तत्कालीन बैटिंग कंसलटेंट वीवीएस लक्ष्मण, कोच अरुण लाल और मनोज तिवारी को बेहद प्रभावित किया। दिल्ली के प्रसिद्ध सॉनेट क्लब के महान कोच स्वर्गीय तारक सिन्हा भी निधन से कुछ हफ्ते पहले तक जय की कड़ी मेहनत की तारीफ करते थे।
इंटेल की नौकरी छोड़ी और क्रिकेट को चुना
क्रिकेट के प्रति अपनी दीवानगी के बीच जय मूंदड़ा साल 2021 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर्स की डिग्री पूरी करने आयरलैंड चले गए। वहां उन्होंने डबलिन के लेइनस्टर क्रिकेट क्लब के लिए खेलना शुरू किया। साल 2023 में जब जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर गई, तब जय वहां भारतीय टीम के नेट बॉलर बने। वहां कोच के रूप में मौजूद वीवीएस लक्ष्मण ने उन्हें तुरंत पहचान लिया और बुमराह ने भी उन्हें गेंदबाजी के कुछ खास टिप्स दिए।
जय मूंदड़ा कुछ समय पहले तक दिग्गज टेक कंपनी इंटेल में फुल-टाइम नौकरी कर रहे थे और साथ-साथ क्रिकेट खेल रहे थे। लेकिन जून 2025 में उन्होंने क्रिकेट पर फोकस करने के लिए इंटेल की नौकरी छोड़ दी। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल पर आज भी #OpenToWork का बैज लगा हुआ है और वह पूरे यूरोप में इंजीनियरिंग की नौकरी तलाश रहे हैं। हालांकि, भारत के खिलाफ इस प्रदर्शन के बाद अब उनकी कॉरपोरेट लाइफ को ब्रेक लगना तय है, क्योंकि दुनिया भर की टी20 फ्रेंचाइजी लीग्स में अब इस खिलाड़ी पर पैसों की बारिश होने वाली है।


