नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जब आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का ऐलान किया तो अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया। अय्यर को यह जिम्मेदारी उनके शानदार घरेलू और आईपीएल कप्तानी रिकॉर्ड को देखते हुए दी गई है।
वहीं, टीम मैनेजमेंट ने अक्षर पटेल की जगह युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को नया उप-कप्तान नियुक्त कर बड़ा दांव खेला है। इस टीम चयन की सबसे बड़ी सुर्खी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्हें राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में किए गए उनके चमत्कारी और धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर पहली बार सीनियर टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
क्यों मिली श्रेयस अय्यर को कप्तानी?
श्रेयस अय्यर को राष्ट्रीय टीम की कमान मिलना अचानक लिया गया फैसला नहीं है बल्कि इसके पीछे इंडियन प्रीमियर लीग में उनकी बेहतरीन कप्तानी रही है। अय्यर ने साल 2018 में बेहद कठिन परिस्थितियों में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाली थी और साल 2020 में टीम को पहली बार फाइनल तक ले गए। इसके बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स का रुख किया और टीम को आईपीएल 2024 का खिताब दिलाया। इसी शानदार ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 26.75 करोड़ की भारी-भरकम रकम खर्च कर उन्हें अपने साथ जोड़ा था जहां उन्होंने 604 रन बनाने के साथ ही पंजाब को सालों बाद फाइनल में पहुंचाया। हालांकि, आईपीएल 2026 में शुरुआती शानदार प्रदर्शन के बावजूद पंजाब की टीम प्लेऑफ से चूक गई लेकिन फ्रेंचाइजी का उन पर भरोसा बरकरार है।


