दंबुला ।ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला जल्द ही उनके लिए भारी पड़ गया। वैभव सूर्यवंशी पहले ही ओवर से आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मैच का रंग कुछ ही मिनटों में बदल गया। जवाब में श्रीलंका टीम पांच विकेट खोकर 158 रन बना चुकी है। भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 377 रन बनाए। कप्तान तिलक वर्मा ने 67 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 और प्रियांश आर्य ने 39 रन बनाए।
तानों का जवाब चौकों-छक्कों से
पिछले मुकाबले में इंडिया ए को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच के दौरान वैभव की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी, जिसके बाद कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने उन्हें ताने कसे। मामला इतना बढ़ गया कि मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस भी देखने को मिली। हालात यहां तक खराब हो गए कि वैभव और श्रीलंकाई प्लेयर के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। तब वैभव अपना गुस्सा दबा गए, लेकिन फाइनल में उतरते ही बल्ले से हमला बोल दिया। इस तरह वैभव ने आलोचकों और विरोधियों को करारा जवाब दे दिया। उन्होंने यह जवाब जुबान से नहीं, बल्कि बल्ले से दिया। तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, वैभव ने किसी को नहीं बख्शा और हर गेंदबाज को निशाने पर लिया।
11 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने लगातार चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए सालों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। वैभव यहीं नहीं रुके। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। हालांकि, वह शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने फाइनल मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया। वैभव पिछले चार मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। ऐसे में उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे थे कि क्या वह इंटरनेशनल लेवल की चुनौतियों के लिए तैयार हैं। लेकिन फाइनल में खेली गई उनकी विस्फोटक पारी ने सभी शंकाओं को खत्म कर दिया।
अब इंटरनेशनल क्रिकेट की बारी
ट्राई सीरीज के बाद वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा के साथ आयरलैंड दौरे पर जाएंगे, जहां वह पहली बार भारतीय टीम की जर्सी में T20I क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर भी जाएगी। ऐसे में सभी की नजरें एक बार फिर 15 साल के स्टार बल्लेबाज पर टिकी होंगी।(विस्तृत मैच खत्म होने के बाद)


