IND W vs NED W T20 WC: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने ग्रुप-ए में अपना दूसरा मुकाबला नीदरलैंड्स महिला टीम के खिलाफ हेडिंग्ले के स्टेडियम में खेला जिसे वह 95 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम करने में कामयाब रही हैं।
इस मैच में नीदरलैंड्स महिला टीम की कप्तान बैबेट डी लीड ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। भारतीय महिला टीम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रनों का स्कोर बनाया था। इसके बाद नीदरलैंड्स महिला टीम टारगेट का पीछा करते हुए 17.3 ओवर्स में 114 रन बनाकर सिमट गई, जिसमें टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में श्री चरणी और शैफाली वर्मा का कमाल देखने को मिला। इस जीत के साथ अब टीम इंडिया ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
भारतीय महिला टीम की तरफ से स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने आखिरकार कमाल दिखाते हुए इस मुकाबले में पहले विकेट के लिए 115 रनों की बेहतरीन शतकीय साझेदारी की जिसमें टीम इंडिया की तरफ से शैफाली वर्मा ने 55 रनों की बेहतरीन पारी खेली तो वहीं स्मृति मंधाना के बल्ले से 74 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी देखने को मिली। इसके अलावा ऋचा घोष के बल्ले से 20 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। नीदरलैंड्स की तरफ से गेंदबाजी में कैरोलीन डी लैंग ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए।
नीदरलैंड्स महिला टीम जब इस मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उन्होंने अपना पहला विकेट 34 के स्कोर पर हीदर सीजर्स के रूप में गंवाया, जिसके बाद उनके लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। नीदरलैंड्स महिला टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन इस मैच उनकी कप्तान बैबेट डी लीडे ने बनाए जिनके बल्ले से 28 रन देखने को मिले। वहीं नीदरलैंड्स टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी छूने में कामयाब नहीं हो सके। भारतीय महिला टीम की तरफ से गेंदबाजी में श्री चरणी ने 4 जबकि शैफाली वर्मा ने 3 विकेट हासिल किए तो वहीं नंदिनी शर्मा 2 जबकि दीप्ति शर्मा ने एक विकेट हासिल किया।


