पटना। भारतीय क्रिकेट ही नहीं इस समय वर्ल्ड क्रिकेट में भी एक नाम जिसको लेकर हर कहीं चर्चा देखने को मिल रही है वह 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। आईपीएल 2026 के सीजन में बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करने के बाद वैभव सूर्यवंशी की अब इंडियन टीम में भी एंट्री हो गई है। वहीं इसी बीच 13 जून को वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी जो अभी सिर्फ 10 साल के हैं उन्होंने समस्तीपुर में खेले गए एक लोकल प्रैक्टिस मैच में क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से खेलते हुए 87 गेंदों पर 103 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेलने के साथ सुर्खियां बटोरी हैं, जिसमें वह 20 चौके लगाने के साथ एक छक्का भी लगाने में कामयाब हुए थे।
वैभव के बड़े भाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी
आशीर्वाद सूर्यवंशी जो अभी सिर्फ 10 साल के हैं वह वैभव की तरह बाएं नहीं बल्कि दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। लोकल मैच में आशीर्वाद के बल्ले से 87 गेंदों में 103 रनों की पारी देखने को मिली जिसमें उनका स्ट्राइक रेट लगभग 120 के करीब का था। वैभव के बड़े भाई उज्जवल सूर्यवंशी ने आशीर्वाद की शानदार पारी की जानकारी अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर स्टोरी शेयर करते हुए दी। वहीं उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने फेसबुक पर किए पोस्ट में लिखा कि मेरे छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी ने आज प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक बनाया। आप सभी से अनुरोध है कि आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें।

अभी इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं वैभव
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जहां जगह मिल चुकी है तो वहीं अभी वह इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर खेली जा रही ट्राई सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं। वैभव ने अभी तक इस ट्राई सीरीज में 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें दोनों में ही वह 50 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब नहीं हो सके। श्रीलंका-ए टीम के खिलाफ मैच में वैभव के बल्ले से जहां 14 रन बनाकर आउट हो गए तो वहीं अफगानिस्तान-ए के खिलाफ हुए मुकाबले में उनके बल्ले से 22 गेंदों में 44 रनों की पारी देखने को मिली थी। अब ऐसे में सीरीज के आगामी मुकाबलों में फैंस को वैभव से एक बड़ी पारी की काफी उम्मीद है।


