नईदिल्ली।भारत और अफगानिस्तान की टीम के बीच में 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसके साथ ही टीम इंडिया के साल 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगे। भारतीय वनडे टीम में जहां वर्ल्ड कप को देखते हुए कई खिलाड़ियों की जगह पहले से पक्की मानी जा रही है, तो वहीं कुछ प्लेयर्स ऐसे हैं जिनकी फिटनेस को लेकर थोड़ा सस्पेंस की स्थिति देखने को मिल रही है, जिसमें एक नाम पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का शामिल है।
रोहित अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के लिए पूरी तरह से फिट घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें उनका तीनों मुकाबलों में खेलना तय माना जा रहा है। वहीं रोहित के पास इस वनडे सीरीज में 37 साल पुराने टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी मोहिंदर अमरनाथ के रिकॉर्ड को भी तोड़ने का शानदार मौका रहने वाला है।
रोहित मैदान पर उतरते ही हासिल करेंगे नंबर-1 की कुर्सी
वनडे फॉर्मेट में रोहित शर्मा के नाम पर ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं जिनको किसी भी खिलाड़ी के लिए तोड़ पाना काफी मुश्किल काम है। अब अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के पास बतौर भारतीय प्लेयर एक ऐसा रिकॉर्ड करने का मौका है जिसके लिए उन्हें सिर्फ मैदान पर उतरना होगा। रोहित शर्मा की अभी उम्र 39 साल 42 दिन की है और यदि वह धर्मशाला में होने वाले पहले वनडे मैच में खेलने उतरते हैं तो वह भारतीय टीम की तरफ से वनडे फॉर्मेट में मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी ये रिकॉर्ड टीम इंडिया के साल 1983 वर्ल्ड कप विजेता स्क्वाड का हिस्सा रहने वाले ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहिंदर अमरनाथ के नाम पर है जिन्होंने साल 1989 में 39 साल 44 दिन की उम्र में वनडे मैच खेला था। ऐसे में अब रोहित के पास 37 साल पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ने का शानदार मौका रहने वाला है।
अफगानिस्तान के खिलाफ 75 का है रोहित का औसत
हिटमैन रोहित शर्मा का वनडे फॉर्मेट में अधिकतर सभी टीमों के खिलाफ बल्ले से काफी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिलता है। रोहित ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में अब तक सिर्फ तीन मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 75 के बेहतरीन औसत के साथ 150 रन बनाए हैं और उसमें उनके बल्ले से एक शतकीय पारी भी देखने को मिली है। वहीं उनके स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 127.11 का देखने को मिला है।


