पेरिस: जर्मनी के दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने शुक्रवार को चेक गणराज्य के युवा खिलाड़ी याकुब मेंसिक को हराकर फ्रेंच ओपन के पुरुष सिंगल्स फाइनल में प्रवेश कर लिया। वह इसके साथ ही अपने करियर के पहले ग्रैंड स्लैम खिताब से अब केवल एक जीत दूर रह गए हैं। ज्वेरेव ने रोलां गैरो के सेमीफाइनल में 20 वर्षीय मेंसिक को 7-5, 6-2, 3-6, 6-3 से हराकर अपने करियर के चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाई।
रविवार को होने वाले फाइनल में ज्वेरेव का सामना इटली के 14वीं वरीयता प्राप्त फ्लावियो कोबोली से होगा। विश्व रैंकिंग में 104वें स्थान पर मौजूद माटेओ अर्नाल्डी से दूसरे सेमीफाइनल में कोबोली को भिड़ना था। बीमार होने की वजह से माटेओ ने इस मैच में हिस्सा नहीं लिया और कोबोली को सीधे फाइनल में एंट्री मिल गई। 24 साल के कोबोली का यह पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल होगा।


