अहमदाबाद: आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। उसने गुजरात टाइटंस को बुरी तरह से हराते हुए लगातार दूसरे सीजन यह खिताब अपने नाम किया। शुभमन गिल की टीम इतनी आसानी से घुटने टेक देगी किसी को शायद ही भरोसा हो रहा होगा। 90,014 फैंस से भरे स्टेडियम में आरसीबी के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने अपने जबरदस्त प्रदर्शन ने मैच को एकतरफा कर दिया।
आरसीबी ने विराट कोहली की धांसू हाफ सेंचुरी के दम पर आसानी से 5 विकेट से मैच और ट्रॉफी जीत लिया। जिस टूर्नामेंट 250 रन भी सुरक्षित नहीं माना जा रहा था उसके खिताबी मुकाबले में 156 रनों का लक्ष्य कहां से टिकता। आरसीबी के धाकड़ बल्लेबाज और क्रिकेट किंग विराट कोहली ने अपनी रन चेज वाली भूमिका को गजब अंदाज में अंजाम दिया। उन्होंने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर शुरुआती 4 ओवरों में आरसीबी की झोली में डाल दिया। विराट ने 42 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्के के दम पर नाबाद 75 रन की पारी खेली, जबकि विनिंग छक्का भी जड़ा।
लगातार दो सीजन आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली टीमें
- चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में लगातार खिताब जीते। कप्तान थे एमएस धोनी थे।
- मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार आईपीएल चैंपियन बनी। कप्तान थे रोहित शर्मा।
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2025 का खिताब जीता था, जबकि 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराया।
आरसीबी की पारी का हाईलाइट्स: विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने दी आरसीबी को गजब शुरुआत
इससे पहले 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने गजब शुरुआत की। मोहम्मद सिराज के पहले ओवर में सिर्फ 5 रन बने, जबकि अगले ही ओवर में वेंकटेश अय्यर ने 3 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए कागिसो रबाडा को 18 रन कूट डाले। इसके बाद चौथे ओवर में उन्हें विराट कोहली ने 3 चौके और एक छक्का लगाते हुए 19 रन ठोके। इसके साथ ही टीम की हाफ सेंचुरी पूरी हो गई। हालांकि, अगले ही ओवर में आक्रामक दिख रहे वेंकटेश अय्यर मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 16 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के ठोकते हुए 32 रन बनाए।
कागिसो रबाडा ने पर्पल कैप पर किया कब्जा, विराट कोहली की फास्टेस्ट फिफ्टी
इसके बाद कागिसो रबाडा ने देवदत्त पडिक्कल को 1 रन के स्कोर पर आउट करते हुए पर्पल कैप पर कब्जा किया, जबकि भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ दिया। टीम शतक की ओर तेजी से बढ़ रही थी कि राशिद खान ने कप्तान रजत पाटीदार को 15 रनों के निजी स्कोर पर आउट करते हुए बड़ा झटका दिया, लेकिन आरसीबी को यहां से लगभग रनोबॉल ही चाहिए था। टीम ने 10वें ओवर में टिम डेविड के चौके से शतक पूरा किया तो जीत अब दिखने लगी। विराट कोहली ने सिर्फ 25 गेंदों में हाफ सेंचुरी की, यह उनके आईपीएल करियर की सबसे तेज फिफ्टी भी है। इसके बाद क्रुणाल पंड्या का एक रन पर विकेट जरूर गिरा, लेकिन इसका असर नहीं पड़ा। विराट कोहली ने खिताबी जीत दिलाकर ही दम लिया।
GT ने बनाए 155 रन
इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के गेंदबाजों ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाते हुए गुजरात टाइटंस को आठ विकेट पर 155 रन ही बनाने दिए। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की लाल और काली मिट्टी के मिश्रण वाली पिच पर शुरुआत में शॉट खेलना बिलकुल भी आसान नहीं था जो गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी में साफ झलक रही थी जिससे आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने तीन जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो दो विकेट चटकाए। क्रुणाल पंड्या ने 23 रन देकर एक विकेट झटका। गुजरात टाइटंस के लिए एकमात्र वॉशिंगटन सुंदर ही इस मुश्किल का सामना करते हुए 37 गेंद में पांच चौके से नाबाद 50 रन बना पाए।
क्वालीफायर की थकान और देर से पहुंचना भी जीटी के खिलाफ
शुक्रवार को ‘दूसरा क्वालीफायर’ खेलने की थकान और मुल्लांपुर में खराब मौसम के कारण देरी से हुई रवानगी ने भी शायद उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया था। लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने इस पिच पर ज्यादातर समय सही लाइन एवं लेंथ पर गेंदबाजी की। आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने शुरू से ही दबदबा बनाते हुए पावरप्ले में सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (10) और साई सुदर्शन (12) के विकेट झटक लिए। गुजरात टाइटन्स को अपनी सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी जिससे टीम इन झटकों से उबर नहीं सकी।
गिल और सुदर्शन के आउट होने के बाद टीम लड़खड़ा गई
गिल और सुदर्शन ने इस सत्र में 700 से ज्यादा रन बनाए थे। इन दोनों के आउट होने के बाद गुजरात टाइटंस की की बल्लेबाजी पूरी तरह से लड़खड़ा गई। उनका पावर प्ले में स्कोर दो विकेट पर 45 रन रन था। बाकी बल्लेबाजों में पारी को संभालने का जोश और धैर्य नहीं दिखा। जोस बटलर (19) और वाशिंगटन पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रक्षात्मक खेलने से जूझते नजर आए। युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने निशांत सिंधु (18 गेंद में 20 रन) और राहुल तेवतिया के विकेट लिए। घरेलू टीम ने 100 रन के आंकड़े तक पहुंचने से पहले ही मुख्य बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे।
गुजरात टाइटंस को अपनी पारी का पहला छक्का लगाने के लिए 13वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा जो कृणाल की गेंद पर अरशद खान (15 रन) मिड-विकेट के ऊपर से लगाया था। आरसीबी के गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि घरेलू टीम की पारी में (अरशद के दो और राशिद खान के एक छक्के से) केवल तीन छक्के शामिल थे।


