आईपीएल 2026 सीजन का 52वां लीग मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला गया। इस मैच को गुजरात टाइटंस की टीम ने 77 रनों से अपने नाम करने के साथ प्वाइंट्स टेबल में 14 अंकों के साथ सीधे दूसरे नंबर पर पहुंच गई है।
इस मैच में राजस्थान रॉयल्स टीम की कप्तानी रियान पराग की जगह यशस्वी जायसवाल संभाल रहे हैं, जिन्होंने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने फैसला लिया था। गुजरात टाइटंस ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का स्कोर बनाया है। जीटी की तरफ से उनके कप्तान शुभमन गिल ने 84 जबकि साई सुदर्शन ने 55 रनों की शानदार पारी खेली, इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर के बल्ले से नाबाद 37 रनों की पारी देखने को मिली। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से गेंदबाजी में ब्रजेश शर्मा ने 2 जबकि यश राज पुंजा और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें 91 के स्कोर तक उन्होंने अपनी आधी टीम को गंवा दिया था, जहां से उनके लिए इस मुकाबले में वापसी करना काफी मुश्किल हो गया था और पूरी टीम 16.3 ओवर्स में 152 रन बनाकर सिमट गई। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से बल्लेबाजी में रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 38 रनों की पारी खेली तो वहीं वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 36 रनों की पारी देखने को मिली। गुजरात टाइटंस की तरफ से गेंदबाजी में राशिद खान ने 4 जबकि जेसन होल्डर ने तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा कगिसो रबाडा 2 और मोहम्मद सिराज एक विकेट लेने में कामयाब रहे।


