लाहौर। पाकिस्तान में इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस बीच पाक टीम के बल्लेबाज खुशदिल शाह ने नेशनल टीम से बाहर किए जाने पर निराशा व्यक्त की है।
खुशदिल पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की टीम का हिस्सा हैं। हाल ही में एक टीवी शो के दौरान रमीज राजा के साथ बातचीत में उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट से उनको टीम से बाहर रखने पर सवाल किए हैं। खुशदिल ने गुरुवार को 14 गेंद में 44 रनों की दमदार पारी खेलकर कराची किंग्स को लाहौर कलंदर्स के खिलाफ मैच में शानदार जीत दिलाई। खुशदिल को उनकी तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
खुशदिल ने टीम से ड्रॉप किए जाने पर जताई नाराजगी
कराची और लाहौर के बीच खेले गए मैच के बाद खुशदिल ने पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा से बात की। इस दौरान उन्होंने खुद को पाकिस्तान की टीम में शामिल नहीं किए जाने को लेकर अपना पक्ष रखा। खुशदिल शाह ने कहा कि सब खिलाड़ियों से मैं अलग हूं। ना मैं सोशल मीडिया पर हूं, ना मैं पुरानी बातों का रोना रोता हूं कि मेरे साथ क्या गलत हुआ। मैंने अभी हाल ही में पांचवें और छठे नंबर पर 700-800 रन बनाएं, डबल शतक भी किया है, बड़ी पारियां खेली हैं। फिर भी, इतने सब के बाद मुझे टीम से ड्रॉप कर दिया गया।’ खुशदिल ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मैच सितंबर 2025 में यूएई के खिलाफ खेला था।


