लखनऊ। भारतीय टीम के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव जो हाल में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की विजेता टीम का भी हिस्सा थे, वह 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ परिणय सूत्र में बंध गए हैं। मसूरी के द सेवॉय होटल में ये कार्यक्रम हुआ जिसमें क्रिकेट और ग्लैमर जगत का जबरदस्त तड़का देखने को मिला। इस शादी में शामिल होने के लिए टीम इंडिया के कई मौजूदा खिलाड़ियों के अलावा पूर्व प्लेयर्स भी वहां पर पहुंचे हुए थे। इसमें सभी कुलदीप यादव के जीवन की इस खुशी में काफी खुश नजर आ रहे थे।
तिलक वर्मा और युजवेंद्र दिखे थिरकते हुए
कुलदीप यादव की शादी में शामिल होने के लिए तिलक वर्मा के अलावा भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी वहां पहुंचे हुए थे। इसके अलावा रिंकू सिंह अपनी होने वाली पत्नी प्रिया सरोज के साथ कुछ दिन पहले ही मसूरी पहुंच गए थे। कुलदीप की शादी में तिलक वर्मा और युजवेंद्र चहल के डांस का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों कुलदीप के साथ थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा सुरेश रैना और रिंकू सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी बारात में जमकर झूमते और ठुमके लगाते नजर आए। भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ भी अपने परिवार के साथ इस शादी में शामिल होने के लिए 14 मार्च की सुबह मसूरी पहुंच गए थे।


