अहमदाबाद।टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर और ICC चेयरमैन जय शाह ने अहमदाबाद में एक हनुमान मंदिर में ट्रॉफी के साथ दर्शन किए थे। इस दौरान कई प्लेयर्स भी पैदल चलकर ट्रॉफी के साथ मंदिर पहुंचे थे। खिलाड़ियों का मंदिर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
कीर्ति आजाद ने वर्ल्ड कप ट्रॉफी को मंदिर ले जाने पर उठाए थे सवाल
टीमएसी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने टीम इंडिया के इस जेस्चर पर सवाल उठाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि वर्ल्ड कप पूरे देश की जीत है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि यह 140 करोड़ भारतीयों का गर्व है, चाहे उनका धर्म कोई भी हो, यह खेल पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने टीम इंडिया की इस हरकत को शर्मनाक बताते हुए जय शाह और सूर्यकुमार यादव पर भी सवाल उठाए थे। उनका ये बयान अब विवादों के घेरे में आ गया है।
ईशान किशन ने कीर्ति आजाद से जुड़े सवाल पर दिया शानदार जवाब
इस पूरे मामले को लेकर अब ईशान किशन से सवाल पूछा गया। इसका जवाब उन्होंने बेहद शांत तरीके से और शानदार अंदाज में दिया। ईशान जब टी20 वर्ल्ड कप जीतकर अपने घर लौट रहे थे उस वक्त एयरपोर्ट पर उनसे कीर्ति आजाद के उस विवादित बयान को लेकर सवाल पूछ लिया गया। ईशान किशन ने जवाब देते हुए कहा कि मैं अभी इतना शानदार वर्ल्ड कप जीतकर आया हूं, आप अच्छे सवाल पूछिए न। कीर्ति आजाद ने क्या कहा, इस पर मैं क्या कहूं? आप पूछिए कि कैसा लग रहा है, कितना मजा आया। उनका ये जवाब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।


