नई दिल्ली। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। वह टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए भारत के रवाना हो गई थीं। लेकिन अपने एंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ दुबई में फंसी हुई हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद है।
ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेंगी पीवी सिंधु
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी संजय मिश्रा ने इस बात की पुष्टि की है कि पीवी सिंधु ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में नहीं खेलेंगी। उन्होंने बताया कि सिंधु अगले हफ्ते होने वाले स्विस ओपन सुपर-300 टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। मिश्रा ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ‘दुबई के हालात की वजह से सिंधु ऑल इंग्लैंड नहीं खेल रही हैं। वह अगले हफ्ते स्विस ओपन में हिस्सा लेंगी।’
तीन मार्च से बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप की शुरुआत हो रही है। पहले राउंड में पीवी सिंधु का सामना थाईलैंड की सुपनिडा कटेथोंग से होना था। सोमवार की दोपहर अबु धाबी से कुछ फ्लाइट्स का ऑपरेशन शुरू हुआ लेकिन दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अभी भी बंद है। सिंधु के अलावा इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले सभी भारतीय खिलाड़ी बर्मिंघम पहुंच चुके हैं। इस चैंपियनशिप की कुल प्राइज मनी 13.27 करोड़ रुपये है। सिंगल्स इवेंट के विजेता को करीब 93 लाख रुपये मिलेंगे।
भारत को 2001 से खिताब का इंतजार
पीवी सिंधु ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप को नहीं जीत पाई हैं। 2021 में इस टूर्नामेंट में अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हुए वह सेमीफाइनल तक पहुंची थीं। पिछले साल पहली ही राउंड में उनका सफर समाप्त हो गया था। अभी तक सिर्फ दो ही भारतीय खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण (1980) और पुलेला गोपीचंद (2001) इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीत पाए हैं। प्रकाश नाथ (1947), प्रकाश पादुकोण (1981), साइना नेहवाल (2015) और लक्ष्य सेन (2022) ने फाइनल तक का सफर तय किया है।

