नई दिल्ली।पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने से पहले कप को जीतने के जितने दावे किए थे, उनकी सभी दावों की हवा टीम के सुपर-8 से बाहर होते ही निकल गई। पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका के खिलाफ 28 फरवरी को हुए सुपर-8 के अहम मुकाबले में कम से कम 65 रनों से अंतर से जीत हासिल करनी थी, लेकिन वह इस मैच को सिर्फ 5 रनों के अंतर से ही जीतने में कामयाब हो पाए।
ऐसे में पाकिस्तानी टीम अपना नेट रनरेट न्यूजीलैंड की टीम के मुकाबले बेहतर करने में कामयाब नहीं हो सके और उनका सफर भी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल से पहले ही खत्म हो गया। वहीं अब पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान आगा को आलोचना का भी सामना करना पड़ रहा है, जिसमें उनकी कप्तानी जाने कयास भी लगने शुरू हो गए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तानी छोड़ने को लेकर पूछा गया सवाल
श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला खत्म होने के बाद हुई पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान आगा को काफी कड़े सवालों का सामना करना पड़ा। इसमें उनसे कप्तानी छोड़ने को लेकर भी सवाल पूछा गया जिसमें प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने सलमान आगा से पूछा कि आप खुद कप्तानी छोड़ोगे या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आपको हटाएगा। इसका जवाब देते हुए सलमान आगा ने कहा कि मुझे लगता है कि अभी जो भी फैसला लिया जाएगा वो इमोशनल होगा। वापस जाएंगे, थोड़ा सा समय लेंगे और तीन-चार दिन बाद जो भी फैसला होगा वह लेंगे।


