मुंबई।सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने जीत के साथ तो शुरुआत की लेकिन जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद फैंस को पहले मुकाबले में थी, वह देखने को नहीं मिली।
कप्तान सूर्यकुमार यादव के अलावा यूएसए के खिलाफ पहले मुकाबले में टीम इंडिया का कोई भी बल्लेबाज कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सका था, हालांकि गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया और टीम को एक आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस मैच में उनकी बेहतरीन नाबाद 84 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला, लेकिन ड्रेसिंग रूम के अंदर भी एक खास मेडल दिया गया जो सूर्या को नहीं बल्कि 24 घंटे पहले ही भारतीय टीम का हिस्सा बने मोहम्मद सिराज को मिला।
सिराज को मिला इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का मेडल
मोहम्मद सिराज जो पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित हुई टीम इंडिया की मुख्य स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे, उन्हें 6 फरवरी को हर्षित राणा के बाहर होने के वजह शामिल करने का फैसला लिया गया। इसके बाद सिराज ने यूएसए के खिलाफ 7 फरवरी को हुए मुकाबले में खेलते हुए शानदार गेंदबाजी की और अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 29 रन देने के साथ कुल तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा फील्डिंग में भी सिराज का कमाल देखने को मिला। इसके चलते उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबला खत्म होने के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में सिराज को इस मुकाबले के लिए इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का मेडल दिया गया। इसका वीडियो बीसीसीआई की तरफ से सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है।


