अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर टीम इंडिया ने छठी बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीम के लिए अब बीसीसीआई ने अपना खजाना खोला है।
बोर्ड ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सेलेक्शन कमिटी के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि का एलान किया है। इसकी जानकारी बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने दी। बीसीसीआई की गिनती दुनिया के सबसे अमीर बोर्ड में होती है, उन्होंने अपने उभरते सितारों के लिए इनाम की घोषणा की है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने किया इनाम का ऐलान
ANI के हवाले से बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी देते हुए कहा कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के बीच राशि के बंटवारे पर काम चल रहा है, लेकिन कुल इनाम 7.5 करोड़ रुपये ही होगा। इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम इंडिया के प्लेयर्स ने शानदार प्रदर्शन किया।
ICC की तरफ से टीम इंडिया के प्लेयर को नहीं मिला इनाम
आपको बता दें कि वर्ल्ड कप जीत के बाद ICC की तरफ से भी टीम को इनाम दिया जाता है। लेकिन अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐसा नहीं हुआ। टीम इंडिया को इस खिताबी जीत के लिए ICC की तरफ से कोई इनाम नहीं मिला और खिलाड़ी सिर्फ मेडल के साथ ही लौटे। दरअसल अंडर-19 लेवल पर ICC किसी तरह का इनाम नहीं देता है क्योंकि इस टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के विकास के तौर पर खेला जाता है। इस वजह से टीम इंडिया के खिलाड़ियों को इस मैच में ICC की तरफ से कोई इनाम नहीं मिला।


