मुंबई।भारतीय महिला टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में साल 2025 में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। इस शानदार उपलब्धि के लिए हरमनप्रीत कौर को भारत सरकार की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। पद्म श्री से सम्मानित खिलाड़ियों की लिस्ट रविवार, 25 जनवरी को जारी हुई। इस लिस्ट में हरमनप्रीत कौर के अलावा पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का नाम भी शामिल है।
हरमनप्रीत कौर ने पद्म श्री अवॉर्ड मिलने के बाद क्या कहा?
रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप और 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इस बीच हरमनप्रीत कौर ने पद्म श्री से सम्मानित किए जाने के लिए भारत सरकार और सभी लोगों का आभार जताया और कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा पल है। मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर किए गए वीडियो में हरमनप्रीत ने कहा कि मेरे पापा को प्रेसिडेंट हाउस से कॉल आया। इस साल, मुझे पद्म श्री अवॉर्ड मिलने वाला है। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल है। और मैं खुश हूं कि मुझसे पहले मेरे माता-पिता को इसके बारे में पता चला। जिस पल से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, मैं वर्ल्ड कप और अर्जुन अवॉर्ड और फिर पद्म श्री अवॉर्ड जीतने का सपना देख रही थी, यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।


