आईसीसी की तरफ से दिसंबर 2025 महीने के लिए तीन महिला प्लेयर्स को नॉमिनेट किया गया है। इनमें साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ट और सुने लुस, भारत की शेफाली वर्मा शामिल हैं। इन प्लेयर्स ने दिसंबर महीने में कमाल का खेल दिखाया था और अपने दम पर टीम को जीत भी दिलाई थी।
1. शेफाली वर्मा
भारतीय महिला टीम ने दिसंबर 2025 में श्रीलंकाई महिला टीम के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली थी और इसमें शेफाली वर्मा ने भारत को सीरीज 5-0 से जिताने में अहम रोल प्ले किया था। उन्होंने दूसरे टी20 मैच में 69 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, जिसकी बदौलत भारत ने 129 रनों के छोटे टारगेट को आसानी से चेज कर लिया। इसके बाद तीसरे टी20 मैच में भी उनकी शानदार बल्लेबाजी जारी रही और उन्होंने 79 रनों की पारी खेली।
चौथे टी20 मैच में तो शेफाली वर्मा का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब उन्होंने 46 गेंदों पर 79 रन बनाए। उनकी वजह से ही टीम 221 रनों का बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। पूरी सीरीज में उन्होंने कुल 241 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 181.20 और औसत 80.33 रहा। अच्छे खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया।
2. सुने लुस
साउथ अफ्रीका की स्टार खिलाड़ी सुने लुस ने आयरलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में अच्छा खेल दिखाया था। टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 81 रनों की पारी खेली थी और चार विकेट भी हासिल किए थे। इसके अलावा वनडे सीरीज के पहले वनडे में उन्होंने 66 रन बनाए थे और एक विकेट झटका था। इसके बाद दूसरे वनडे में उनका प्रदर्शन और निखरकर सामने आया, जब उन्होंने 114 रन बनाए थे और एक विकेट हासिल किया था। एक ऑलराउंडर के तौर पर वह प्रभावित करने में सफल रही थीं।
3. लौरा वोल्वार्ट
साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने आयरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था। पूरी सीरीज में उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी का जलवा दिखाया था और पहले टी20 में 115 रनों की पारी खेली थी। वनडे सीरीज में उन्होंने लगातार दो शतक लगाए। दूसरे वनडे में उन्होंने 124 रन और तीसरे वनडे में 100 रन बनाए। उनकी वजह से ही अफ्रीकी टीम वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने में सफल रही।


