दुबई। पाकिस्तान ने दूसरी बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया है। टीम ने रविवार को खेले गए फाइनल में भारत को 191 रन से हरा दिया। दुबई के ICC एकेडमी में पाकिस्तान ने समीर मिन्हास की शानदार पारी के दम पर भारत के सामने 348 रन का बड़ा लक्ष्य रखा।
जवाब में भारतीय टीम 26.1 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ओपनर वैभव सूर्यवंशी 26 रन ही बना सके। दीपेश देवेंद्रन ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से अली रजा ने 4 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सय्याम, हुजैफा अहसान और अब्दुल सुभान को 2-2 विकेट मिले।
इससे पहले भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पाकिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 347 रन बनाए। टीम के लिए समीर मिन्हास ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 113 गेंदों पर 172 रन की दमदार पारी खेली। अहमद हुसैन ने 56 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन ने 3 विकेट लिए, जबकि खिलन पटेल और हेनिल पटेल को 2-2 विकेट मिले। कनिष्क चौहान ने एक विकेट हासिल किया।
U-19 एशिया कप फाइनल में दूसरी सबसे बड़ी हार U-19 एशिया कप फाइनल के इतिहास में भारत को दूसरी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी है। इससे पहले 2023 के फाइनल में बांग्लादेश ने UAE को 195 रन से हराया था, जो टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत भी है।


