धर्मशाला ।भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला के स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने पिछले मुकाबले में मिली हार से सबक लेते हुए एकतरफा 7 विकेट से जीत हासिल की, जिसमें गेंदबाजों के साथ बल्लेबाजों का भी कमाल का प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय टीम को तीसरे टी20 मैच में मिली जीत के बाद उन्होंने एक खास लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम को भी पीछे छोड़ दिया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाली टीम बनी भारत
टी20 इंटरनेशनल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकाबला जीतने के मामले में नंबर-1 की पोजीशन पर पहुंचना किसी भी टीम के लिए आसान काम नहीं होता है। भारतीय टीम अब टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है, जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ा है, जिसके साथ वह पहले संयुक्त रूप से नंबर-1 पर थी। टीम इंडिया ने अब तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में कुल 34 मैच खेले हैं, जिसमें ये उनकी 20वीं जीत है, वहीं उन्हें 13 मैचों में जहां हार का सामना करना पड़ा तो वहीं एक मुकाबले का परिणाम नहीं निकल सका। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस फॉर्मेट में कुल 19 मैच जीते हैं।
टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम
- भारत – 20 जीत
- ऑस्ट्रेलिया – 19 जीत
- पाकिस्तान – 14 जीत
- वेस्टइंडीज – 14 जीत
- इंग्लैंड – 13 जीत
सबसे ज्यादा जीत हासिल करने में टीम इंडिया टॉप पर
भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल में अभी तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें वह सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में नंबर-1 की पोजीशन पर खुद को बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं। टीम इंडिया ने अब तक 262 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें से वह 180 मैचों को जीतने में कामयाब हुए हैं तो वहीं उन्हें 73 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं टीम इंडिया के बाद इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में पाकिस्तान की टीम दूसरे नंबर पर है जिन्होंने कुल 287 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उसमें 166 मैचों को जीता है जबकि 114 मैचों में हार का सामना किया है।


