नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को यहां खेल जा रहा आईसीसी महिला विश्व कप मैच लगातार बारिश की आंख मिचौली के बीच रद्द करना पड़ा। बारिश के कारण दो बार मिलाकर चार घंटे से अधिक समय तक खेल रुका रहा जिसके कारण पहले इसे 43 और फिर 27 ओवर का कर दिया गया। भारतीय पारी के दौरान जब तीसरी बार बारिश के कारण खेल रुका तो फिर शुरू नहीं हो पाया।

8.4 ओवर बैटिंग कर पाई टीम इंडिया
बांग्लादेश के 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज औपचारिकता के इस मैच में 8.4 ओवर में बिना विकेट खोए 57 रन बना लिए थे। बारिश के कारण जब मैच रद्द किया गया तब स्मृति मंधाना 34 जबकि अमनजोत कौर 15 रन बनाकर खेल रहीं थी। भारत पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका था और उसका चौथे स्थान पर रहना तय था जबकि बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। भारत सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।
बांग्लादेश की ओर से शर्मिन अख्तर सबसे सफल बल्लेबाजी रहीं जिन्होंने 53 गेंद में चार चौकों से 36 रन बनाए। उनके अलावा शोभना मोस्तरी (26) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाईं। लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को स्मृति और अमनजोत ने अच्छी शुरुआत दिलाई। प्रतिका रावल के क्षेत्ररक्षण करते हुए दाएं टखने और घुटने में चोट लगा बैठने के कारण अमनजोत ने पारी का आगाज किया। अमनजोत ने तीसरे ओवर में मारूफा अख्तर पर पारी का पहला चौका जड़ा जबकि अगले ओवर में स्मृति ने निशिता अख्तर पर चार चौके मारकर तेवर दिखाए और फिर नाहिदा अख्तर की गेंद को भी बाउंड्री पर भेजा।
स्मृति अच्छी फॉर्म में दिखीं
स्मृति ने नाहिदा पर चौके के साथ सातवें ओवर में भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया लेकिन थोड़ी देर बाद बारिश आ गई और मैच रद्द करना पड़ा। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद बारिश आ गई और निर्धारित समय से दो घंटे बाद जब मैच शुरू हुआ तो इसे 43 ओवर का कर दिया गया। रेणुका ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर सुमैया अख्तर (02) को श्री चरणी के हाथों कैच करा दिया।


