नई दिल्ली। जयपुर पिंक पैंथर्स ने त्यागराज इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 93वें मैच में यूपी योद्धाज को 42-28 के अंतर से हरा दिया। यूपी के लिए सकारात्म बात यह रही कि उसके अनुभवी स्टार सुरेंदर गिल ने पहली बार स्टार्टिंग-7 में शामिल किए जाने के बाद शानदार सुपर-10 लगाया।
इसके अलावा गुमान सिंह ने 6 अंक लिए। अंतिम पलों में युवा रेडर शिवम ने मल्टीप्वाइंटर के साथ अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई।
बहरहाल, सीजन 12 में स्टार्टिंग-7 में पहली बार मौका पाने वाले गिल ने पहली ही रेड पर आशीष को बाहर किया। फिर गुमान ने बोनस के साथ शुरुआत की। गिल लगातार अंक ले रहे थे। आठवें मिनट में हालांकि यूपी सुपर टैकल की स्थिति में आई और फिर आलआउट को मजबूर हुई।
आलइन के बाद गिल ने बोनस लिया। गिल यही नहीं रुके और ब्रेक के बाद आशीष का शिकार कर लिया। गुमान बोनस लेने के बाद लपके गए लेकिन गिल ने मल्टीप्वाइंटर के साथ दो साथियों को रिवाइव करा लिया। इसके बाद यूपी के डिफेंस ने समाधी को लपक अपना खाता खोला।
गुमान और गिल अंक ले रहे थे लेकिन अब डिफेंस के लिए खुलकर सामने आने की बारी थी। और हुआ भी यही। चार के डिफेंस ने समाधी को लपक लिया। पहले हाफ की समाप्ति तक यूपी 10 अंक से पीछे थी लेकिन वापसी की संभावना पूरी तरह बनी हुई थी।
ब्रेक के बाद यूपी ने एक बेहतरीन काम्बीनेशन टैकल किया औऱ फिर गगन ने बोनस ले लिया। यूपी के लिए अब सुपर टैकल आन था, जिसका लाभ वह नहीं ले सकी और दूसरी बार आलआउट हो गई। आलइन के बाद डिफेंस ने परवेंदर को आउट किया और फिर गिल ने दो रेड में दो अंक के साथ वापसी की संभावना बनाए रखी।
सुरेंदर ने फिर एक मल्टीप्वाइंटर के साथ स्कोर 21-34 किया और सुपर-10 भी पूरा किया। फिर गुमान ने एक अंक लिया। फिर गिल ने आर्यन का शिकार किया लेकिन समाधी के खिलाफ जयेश गलती कर बैठे। मैच के अंतिम पलों में यूपी के युवा खिलाड़ी शिवम मल्टीप्वाइंटर के साथ लौटे।


