नई दिल्ली: मेंस एशिया कप फाइनल के ठीक एक सप्ताह बाद, भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमें रविवार को ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच मौजूदा राजनीतिक तनाव के कारण यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हो रहा है क्योंकि पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से मना कर दिया था। इस हाई-वोल्टेज मैच पर सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दोनों टीमों की कप्तान टॉस के समय हाथ मिलाएंगी या नहीं।
हरमनप्रीत का फोकस सिर्फ क्रिकेट पर
एशिया कप फाइनल में हुए विवादों, जैसे हाथ न मिलाना और जुबानी जंग के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि वनडे वर्ल्ड कप दौरान क्या होगा। हालांकि, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने साफ कर दिया है कि उनका फॉक्स खेल पर है।
कप्तानों की प्रेस मीट में जो तनाव से बचने के लिए दो अलग-अलग जगहों पर आयोजित की गई थी, हरमनप्रीत ने कहा कि ‘हम केवल एक चीज को नियंत्रित कर सकते हैं, जो मैदान पर क्रिकेट खेलना है और हम दूसरी चीजों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम ड्रेसिंग रूम में उन चीजों पर चर्चा भी नहीं करते हैं।’ बीसीसीआई सूत्रों ने भी बताया है कि टीम को प्रोटोकॉल पर कोई खास निर्देश नहीं दिए गए हैं और चूंकि यह एक ICC इवेंट है, इसलिए खेल भावना के प्रोटोकॉल लागू होंगे।


