बेंगलुरु: कप्तान रजत पाटीदार (101 रन) और यश राठौड़ (नाबाद 137 रन) ने साउथ जोन के स्पिन गेंदबाजी के कम विकल्पों का फायदा उठाकर शतक जड़ते हुए शुक्रवार को यहां दलीप ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन सेंट्रल जोन को पांच विकेट पर 384 रन बनाने में मदद की।
साउथ जोन बृहस्पतिवार को पहली पारी में 149 रन पर सिमट गया था जिससे सेंट्रल जोन की बढ़त 235 रन की हो गई है।
पाटीदार और राठौड़ के बीच हुई 167 रन की पार्टनरशिप
पाटीदार (115 गेंद) ने अपना 15वां और राठौड़ (188 गेंद) ने सातवां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा। स्टंप तक संसार जैन 47 रन बनाकर राठौड़ का साथ दे रहे थे। पाटीदार और राठौड़ ने चौथे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी Child जिससे मैच निश्चित रूप से साउथ जोन के हाथों से निकल गया है।
हालांकि इससे पहले सेंट्रल जोन ने 93 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे जिससे टीम मुश्किल में दिख रही थी।
दानिश, अक्षय और शुभम के विकेट जल्दी-जल्दी गिरे
सेंट्रल जोन ने सुबह बिना विकेट गंवाए 50 रन से आगे खेलना शुरू किया और पहले सत्र में टीम ने 102 रन जोड़े। लेकिन टीम ने सलामी बल्लेबाज दानिश मालेवार (53), अक्षय वाडकर (22) और शुभम शर्मा (06) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए। तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह (74 रन देकर तीन विकेट) उस सत्र के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे जिन्होंने बादलों भरे आसमान में गेंद को बार बार उछालकर बल्लेबाजों को परेशान किया।


