दुबई।भारत ने एशिया कप 2025 में धमाकेदार शुरुआत की है। टीम ने UAE के खिलाफ 58 रन का टारगेट सिर्फ 27 गेंदों में चेज कर लिया। यह भारत का सबसे तेज रन चेज है। अभिषेक शर्मा 30 रन बनाकर आउट हुए। जबकि शुभमन गिल 20 रन पर नाबाद लौटे।
भारत की 93 गेंदें बाकी रहते हुए सबसे बड़ी जीत
पारी में गेंद बाकी रहते हुए यह भारत की सबसे बड़ी जीत रही। टीम इंडिया ने UAE के खिलाफ दुबई में 27 गेंद (4.3 ओवर) में ही टारगेट हासिल कर लिया, यानी 93 गेंदें बाकी रह गईं। इससे पहले 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ दुबई में ही भारत 81 गेंद बाकी रहते जीत गया था।
टेस्ट प्लेइंग नेशंस में यह गेंद बाकी रहते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत रही। 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप में एंटीगुआ के मैदान पर इंग्लैंड ने ओमान को 19 गेंद में ही हरा दिया था। तब 101 गेंदें बाकी रह गई थीं। इस रिकॉर्ड में तीसरे नंबर पर श्रीलंका है, जिसने 2014 में चट्टोग्राम में नीदरलैंड को 90 गेंदें बाकी रहते हरा दिया था।


