नई दिल्ली: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलने वाली है। वहीं भारतीय टीम का दूसरा मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ है। इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम बहुत हद तक अपने कप्तान सूर्यकुमार यादव पर निर्भर रहने वाली है। लेकिन पाकिस्तान के एक पूर्व क्रिकेटर ने सूर्या को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
सूर्यकुमार यादव पर उठाए सवाल
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बाजिद खान ने एशिया कप के लिए भारत की टीम का विश्लेषण किया। इस टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े नाम नहीं हैं। बाजिद खान ने बताया कि इन खिलाड़ियों की कमी से क्या असर पड़ेगा। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन पर भी बात की। बाजिद खान ने रविंद्र जडेजा की कमी को भी एक बड़ी चिंता बताया। एशिया कप आने वाला है और बाजिद का मानना है कि भारत को इन खिलाड़ियों की कमी को पूरा करने के लिए सही संयोजन ढूंढना होगा।
बाजिद खान ने कहा कि भारत की टीम में सभी खिलाड़ी उच्च स्तर के हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई नहीं है जिसे आप कम आंक सकें। लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा जिस तरह का जोश खेल में लाते थे भारत को निश्चित रूप से उसकी कमी खलेगी।


