नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समन भेजा है। रैना को पूछताछ के लिए ED के सामने पेश होना पड़ेगा। सुरेश रैना से ये पूछताछ एक बेटिंग एप के मामले में की जानी है। ऐसे में उम्मीद है कि रैना बुधवार को एजेंसी के सामने पेश होंगे। रैना को यह समन अवैध सट्टेबाजी ऐप्स और प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई के तहत आया। कई पूर्व क्रिकेटर्स बेटिंग एप का विज्ञापन करते हुए दिखे थे, उनमें सुरेश रैना भी हैं। यहीं कारण है कि उन्हें समन भेजा गया है। बता दें कि मई में तेलंगाना पुलिस ने 25 एक्टर्स के खिलाफ मामले दर्ज किए थे, जिनमें राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज भी शामिल थे।
गहन जांच में जुटी हुई है ईडी
बता दें कि ईडी ने जो एफआईआर दर्ज की है उसमें मशहूर हस्तियों के वित्तीय लेनदेन और डिजिटल ट्रेल की भी जांच कर रही है। इस में अभिनेता मंचू लक्ष्मी, निधि अग्रवाल, अनन्या नागाला और टीवी एंकर श्रीमुखी का नाम शामिल हैं। 2023 और 2024 के बीच ईडी के अधिकारियों ने हाई-प्रोफाइल महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में कई लोगों से पूछताछ की थी।
इसमें छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ राजनेताओं और नौकरशाहों के खिलाफ आरोप शामिल थे, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल थे। मुख्यमंत्री पर भी मुख्य लाभार्थी होने का आरोप था। हालांकि, बघेल ने घोटाले से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया था और इसे, पॉलिटिकल एजेंडा करार दिया था।


