बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रन से हरा दिया। मेलबर्न में भारतीय टीम को 13 साल बाद पराजय का सामना करना पड़ा है। टीम ने आखिरी सेशन में 7 विकेट 20.3 ओवरों में गंवा दिए। 340 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 155 पर सिमट गई।
सोमवार को कई रिकॉर्ड्स बनें। साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया (SENA) देशों में बुमराह सबसे ज्यादा 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। 2024 में जायसवाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।मेलबर्न में सोमवार को ऑस्ट्रेलिया ने जीत के लिए 340 रन का टारगेट दिया था, लेकिन भारतीय टीम आखिरी पारी में 155 रन ही बना सकी। टीम ने एक समय 3 विकेट खोकर 120 रन बना लिए थे और एक सेशन बाकी था। ऐसे में मुकाबला ड्रॉ की ओर जाता दिख रहा था।
लेकिन, 2 वजह से हार गया भारत
पहला- ऋषभ पंत (30 रन) आउट हुए। यहां भारत ने 34 रन बनाने में आखिरी 7 विकेट गंवा दिए। ये सभी विकेट 5वें दिन के आखिरी सेशन में आए।
दूसरा- 71वें ओवर में यशस्वी जायसवाल (84 रन) थर्ड अंपायर के विवादित फैसले पर आउट हुए। उन्हें फील्ड अंपायर ने नॉटआउट दिया था। जब जायसवाल का विकेट गिरा, तब भारत को मैच ड्रॉ कराने के लिए 22 ओवर खेलने थे और 3 विकेट बाकी थे। ऐसे में यहां भारत मैच ड्रॉ करा सकता था, लेकिन यशस्वी के विकेट के बाद भारत का लोअर ऑर्डर (आखिरी 3 बैटर्स) बिखर गया।

