दुबई: महिला टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम को उम्मीद थी कि पाकिस्तान टीम कुछ करिश्मा करेगी और न्यूजीलैंड को हरा देगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बाएं हाथ की स्पिनर नासरा संधू की अगुआई में फिरकी गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने ग्रुप-ए के आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 6 विकेट पर 110 रन के स्कोर पर रोक दिया। उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इस स्कोर को 10.4 ओवरों में पार करना था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उसकी पूरी टीम 56 रन ही बना सकी, जबकि न्यूजीलैंड ने यह मैच 54 रन से जीता और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया।।
अगर पाकिस्तान यह मैच 10.4 ओवर के बाद भी अगर जीत जाता तो भारतीय टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाता, लेकिन उसने ऐसा भी नहीं होने दिया। यह पाकिस्तान क्रिकेट टीम की न्यूजीलैंड के खिलाफ 12 मैचों में कुल 10वीं हार है। इस तरह का घटिया रिकॉर्ड बताता है कि उसकी टीम इंटरनेशनल लेवल पर कितनी कमजोर है। पाकिस्तान के लिए सिर्फ कप्तान सना फातिमा ही लड़ सकीं। उनके अलावा कोई बल्लेबाज कीवी गेंदबाजों का टिककर सामना नहीं कर सकीं।


