हैदराबाद।भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल अर्थराइटिस से जूझ रही है। 34 साल की साइना ने सोमवार को खुलासा किया है। उन्होंने कहा- इस साल के अंत तक रिटायरमेंट के बारे में सोच रही हैं। बीमारी के कारण मेरे लिए सामान्य घंटों तक ट्रेनिंग करना भी मुश्किल हो गया है।
साइना ने पूर्व भारतीय निशानेबाज गगन नारंग के पॉडकास्ट पर कहा- ‘मैं इस बात को नकार नहीं सकती कि मेरा करियर आखिरी चरण पर है।’
नेहवाल की मुख्य बातें-
घुटना बहुत अच्छा नहीं है। मुझे आर्थराइटिस है। मेरी कार्टिलेज (शरीर में पाया जाने वाला एक लचीला ऊतक है, जो जोड़ों और हड्डियों की रक्षा करता है।) बहुत खराब है। इसलिए 8-9 घंटे तक जोर लगाना बहुत मुश्किल है। मुझे स्वीकार करना होगा कि महज 2 घंटे की ट्रेनिंग हाई क्वालिटी प्लेयर्स के साथ कम्पीट करने के लिए काफी नहीं है।
मैं संन्यास के बारे में भी सोच रही हूं। यह दुखद होगा, लेकिन एक खिलाड़ी का करियर हमेशा छोटा होता है। मेरा करियर काफी लंबा रहा है और मुझे इस पर बहुत गर्व है। मैंने अपने शरीर को काफी हद तक तोड़ दिया है। मैंने जो किया है और जो कुछ भी दिया है, उससे मैं खुश हूं। इस साल के अंत तक आंकलन करूंगी कि मैं कैसा महसूस कर रही हूं?
ओलिंपिक खेलना बचपन का सपना होता है। आप उस लेवल पर पहुंचने के लिए कई साल तैयारी करते हैं। मैंने बहुत मेहनत की है। मैंने तीन ओलंपिक में हिस्सा लिया। मैंने उन सभी में अपना 100 प्रतिशत दिया।
एक एथलीट के रूप में पहले से ही छोटे करियर के दौरान आप चार साल का ब्रेक नहीं ले सकते। आपको लगातार अच्छा प्रदर्शन करना पड़ता है। अगर आप एक इंटरनेशनल चैंपियन बनना चाहते हैं, तो आपको कठिन निर्णय लेने के लिए मजबूत होना होगा।


