नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को सीएट क्रिकेट रेटिंग ‘मेंस इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। रोहित को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कप्तानी और इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके दमदार प्रदर्शन के लिए मिला है।
इसके अलावा टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। राहुल द्रविड़ की कोचिंग में ही भारत ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब अपने नाम किया था। वहीं विराट कोहली को 50 ओवर के फॉर्मेट लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए मेंस ओडीआई बैटर ऑफ द ईयर चुना गया।
भारत के लिए वनडे विश्व कप 2023 में धमाल मचाने वाले मोहम्मद शमी को ओडीआई बॉलर ऑफ द ईयर नामित किया गया। शमी ने वनडे विश्व कप 2023 में कुल 24 झटके थे। भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के लिए मेंस टेस्ट बैटर ऑफ द ईयर चुना गया। यशस्वी ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 712 रन बनाए थे। भारत के अनुभवी स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी धारदार गेंदबाजी से जिस तरह का खेल दिखाया उसके लिए उन्हें मेंस टेस्ट बॉलर ऑफ द ईयर चुना गया है।


