*नई दिल्ली:* पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर अक्टूबर में होने वाले विश्व कप से बाहर रह सकती है क्योंकि उन्होंने तीन महीने का ब्रेक लेने का फैसला किया है ।
उनके कोच जसपाल राणा ने यह जानकारी दी। 22 वर्ष की मनु ने पेरिस ओलंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीते। जसपाल ने पीटीआई से कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वह अक्टूबर में होने वाले विश्व कप में खेलेंगी या नहीं क्योंकि वह तीन महीने का ब्रेक ले रही है। वह लंबे समय से कड़ी मेहनत कर रही है तो यह नॉर्मल ब्रेक है। निशानेबाजी विश्व कप दिल्ली में 13 से 18 अक्टूबर के बीच होगा। जसपाल ने कहा कि ब्रेक के बाद वे 2026 एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों पर काम करेंगे ।


